डीएम का अल्टीमेटम-25 जुलाई तक हर हाल में पूरी हो कांवड़ मेले की तैयारियां,
श्रद्वालुओं की आस्था से समझौता नहीं, होटल, ढाबों का होगा अनिवार्य सत्यापन
दिव्य-भव्य कांवड़ मेले के लिए जिला प्रशासन अलर्ट, डीएम ने की हाईलेवल समीक्षा
देहरादून, आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले ऐतिहासिक ‘कांवड़ मेला-2026’ को लेकर देहरादून जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विजन के अनुरूप मेले को दिव्य और भव्य बनाने के लिए मंगलवार को जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने कलेक्ट्रेट के ऋषिपर्णा सभागार में सभी संबंधित विभागों के साथ एक हाई-लेवल बैठक की। जिलाधिकारी ने सख्त लहजे में निर्देश दिए हैं कि कांवड़ मेले से जुड़ी सभी तैयारियों को हर हाल में 25 जुलाई 2026 तक पूरा कर लिया जाए। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान किसी भी स्तर पर धार्मिक आस्था को ठेस नहीं पहुँचनी चाहिए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
30 जुलाई से 11 अगस्त तक का पूरा कार्यक्रम
प्रशासन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कांवड़ मेला 30 जुलाई से शुरू होकर 11 अगस्त तक चलेगा। 31 जुलाई से 4 अगस्त तक पीक अवधि (श्रद्धालुओं की भारी आमद का समय) रहेगा। 8 अगस्त से 11 अगस्त तक डाक कांवड़ का संचालन होगा। 11 अगस्त को शिवालयों में पवित्र जलाभिषेक होगा।
सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए पुलिस विभाग ने कमर कस ली है। बैठक में पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने के लिए पूरे कांवड़ मार्ग को 4 जोन और 13 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। वहीं, परिवहन विभाग को निर्देश दिए गए हैं कि वे जिले की सीमाओं पर वाहनों की नियमित चेकिंग करें, ओवरलोडिंग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाएं और सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए विशेष निगरानी रखें।

