पौड़ी गढ़वाल जिले के प्रखण्ड रिखणीखाल में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रिखणीखाल-सतपुली मोटर मार्ग पर कलवाड़ी गांव के पास एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हादसे में वाहन चालक समेत छह महिलाओं की मौत हो गई। वाहन में सवार महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और बैंक का काम निपटाकर अपने गांव लौट रही थीं। जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह की महिलाएं बैंक संबंधी काम से सिद्धखाल गई थीं। काम पूरा करने के बाद सभी वाहन से अपने गांव लौट रही थीं। इसी दौरान कलवाड़ी गांव के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से करीब 100 मीटर नीचे खड्ड में जा गिरा। हादसा इतना गंभीर था कि वाहन में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बताया गया कि उक्त वाहन रिखणीखाल से भंगलवाड़ गांव जा रहा था। गांव पहुंचने से पहले ही वाहन खाई में गिर गया। गाड़ी के मालिक अनिल देवराड़ा है। वही वाहन चला रहे थे। हादसे में अभी तक सात लोगों की मौत हो गई है। वाहन में कुल 12 लोग सवार थे। हादसे में कार चालक की भी मौत हो गई है। अभी घायलों को निकालने का काम चल रहा है। कार में सवार सभी महिलाएं स्वयं सहायता समूह से जुड़ी थीं और दीदी-भुलि योजना के फॉर्म भरने रिखणीखाल गई हुई थीं। लौटते समय यह हादसा हुआ।
